चाकुलिया : चाकुलिया रेलवे स्टेशन में तत्काल टिकट के नाम पर यात्रियों से अवैध वसूली का गंभीर मामला सामने आया है. आरोप है कि रेलकर्मियों और स्थानीय दलालों की मिलीभगत से यात्रियों को टिकट दिलाने के नाम पर मनमानी राशि वसूली जा रही है. बुधवार को इस मामले को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने विधायक समीर मोहंती के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन पहुंच कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया. प्राप्त जानकारी के अनुसार मुस्लिम बस्ती के युवक आदिल रहमान ने झामुमो नगर अध्यक्ष मो. गुलाब को बताया कि वह पटना से टाटानगर का तत्काल टिकट लेने सुबह 6 बजे काउंटर पहुंचा था, लेकिन बुकिंग क्लर्क ने टिकट देने से इनकार कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
युवक के अनुसार उसे बताया गया कि वापसी टिकट नहीं मिलेगा, जिससे उसे दलालों का सहारा लेना पड़ा. इसी दौरान प्रखंड के बड्डीकानपुर-कालापाथरा पंचायत के बड़ियागाजाड़ गांव निवासी सिरमत मांडी ने बड़ा खुलासा किया. उसने बताया कि उसे खड़गपुर से तरुणागुल्लू तक चार तत्काल टिकट चाहिए थे, जिसकी कुल कीमत 3400 रुपये थी. लेकिन कलीम खान नामक एक दलाल ने उससे 10,000 रुपये वसूल लिए और टिकट उपलब्ध कराया. युवक ने यह भी आरोप लगाया कि ये सब कुछ रेलकर्मियों की मिलीभगत से हो रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
इस जानकारी पर विधायक समीर मोहंती स्टेशन पहुंचे और टिकट काउंटर पर हंगामा किया. उन्होंने बुकिंग क्लर्क राजकिशोर नारायण को जमकर फटकार लगाई और तुरंत पैसे लौटाने को कहा. साथ ही उन्होंने खड़गपुर डिवीजन के वाणिज्यिक निरीक्षक से फोन पर बात कर संबंधित बुकिंग क्लर्क पर कार्रवाई करने की मांग की. हंगामे के बीच आरोपी टिकट दलाल कलीम खान मौके से फरार हो गया. पीड़ित युवक ने इस पूरे मामले को लेकर रेलवे अधिकारियों को लिखित शिकायत भी सौंपी है. विधायक समीर मोहंती ने रेलवे प्रशासन से दोषी बुकिंग क्लर्क और दलालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस तरह की घटनाओं पर रोक नहीं लगी तो पार्टी स्तर पर आंदोलन किया जाएगा.




