चाकुलिया: चाकुलिया नगर पंचायत के वार्ड नंबर चार के पुरनापानी स्थित निर्मल मैदान झाड़ियों से भर गया है. नगर पंचायत के तहत 15वें वित्त आयोग की लगभग 40 लाख रुपए की लागत से इस मैदान का विकास कार्य हुआ था. इसका उद्घाटन सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक समीर मोहंती समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने 15 नवंबर 2022 को किया था. लगभग डेढ़ वर्ष में ही यह मैदान झाड़ियों से भर गया है. कारण यह है कि इस मैदान में खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित नहीं होती हैं. मैदान का उचित रखरखाव भी नहीं हुआ. (नीचे भी पढ़े)
मैदान में निर्मित स्टेडियम के पास झाड़ियों की भरमार है. मैदान के चारों ओर बिछाए गए पेवर्स ब्लॉक पर भी घास उगी हैं. वहीं मैदान की घेराबंदी के आसपास में लंबी-लंबी झाड़ियां उग आई हैं. इस मैदान में मवेशी घास चरते नजर आते हैं. नगर पंचायत के तहत इस मैदान की देखरेख नहीं हो रही है. विदित हो कि वार्ड नंबर एक के गोविंदपुर के पास भी लगभग 35 लाख की लागत से नगर पंचायत के तहत खेल मैदान का विकास कार्य हुआ था. परंतु यह मैदान भी रखरखाव के अभाव में अपना अस्तित्व खो रहा है. इस मैदान में भी खेलकूद के कार्यक्रम संचालित नहीं होते हैं.











