सरायकेला: सरायकेला- खरसावां जिला के आदित्यपुर नगर निगम की ओर से बुधवार को प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत करीब 120 लाभुकों का गृह प्रवेश कराया गया. इसमें बतौर मुख्य अतिथि सिंहभूम संसदीय क्षेत्र की सांसद जोबा मांझी मौजूद रही. उनके साथ उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह, नगर निगम के प्रशासक रवि प्रकाश, उपनगर आयुक्त पारुल सिंह, निवर्तमान पार्षद सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे. पूरे तमाझाम के साथ लाभुकों का गृह प्रवेश कराया गया मगर इस गृह प्रवेश ने शासन- प्रशासन पर सवाल खड़ा कर दिया है. आपको बता दे कि जिस क्षेत्र में यह आवास बना है वहां मूलभूत बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है. आनन- फानन में 120 लाभुकों को गृह प्रवेश तो करा दिया मगर उन्हें अपने फ्लैट तक आने- जाने का ना तो रास्ता है ना ही स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था है. सोसायटी के अंदर पानी और बिजली की व्यवस्था की गई है मगर सोसायटी के अंदर रहने वाले लोग रात- बेरात प्रवेश कैसे करेंगे इसपर ना तो निगम प्रशासन ने ध्यान दिया ना ही जिला प्रशासन ने. (नीचे भी पढ़ें)
आरोप तो यह भी लग रहे हैं कि फ्लैट निर्माण कार्य में घोर अनियमितता बरती गई है. इन फ्लैट्स के निर्माण कार्य में काले ईंटों का प्रयोग किया गया है. जो अभी से ही दरकने लगा है. ऐसे में इन फ्लैट के अंदर लोग कितने सुरक्षित रहेंगे यह देखना दिलचस्प होगा. सिहभूम सांसद ने उद्घाटन तो कर दिया मगर उनकी सुरक्षा की गारंटी कौन लेगा. कह सकते हैं कि ठेकेदार और नगर निगम प्रशासन ने मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों पर पानी फेर दिया है. साथ ही इसमें रहने वाले लाभुकों के उम्मीदवारों पर भी ग्रहण लगा दिया है. जिसकी गवाह सिंहभूम सांसद बनी तभी तो उन्होंने पूरे योजना को क्लीन चिट दे दिया और इस योजना की जमकर तारीफ की.




