रामगोपाल जेना / चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम के जगन्नाथपुर अंचल क्षेत्र से गुजरने वाली वैतरणी नदी में अचानक बाढ़ आने की संभावना है. इसको लेकर जगन्नाथपुर के सीओ ने वैतरणी नदी किनारे स्थित जगन्नाथपुर अंचल क्षेत्र के 17 गांवों के लोगों को अलर्ट किया है. सीओ ने क्षेत्र के मुखिया, मानकी, मुंडाओं को पत्र जारी कर वैतरणी नदी में कभी भी बाढ़ आने की संभावना को देखते हुए ग्रामीणों को नदी के पास नहीं जाने की अपील किया है. सीओ ने बताया कि ओडिशा के कनपुरा सिंचाई परियोजना के मुख्य निर्माण अभियंता द्वारा कल पत्र जारी कर डैम से पानी छोड़ने का सूचना दिया गया है. इस डैम से पानी छोड़े जाने पर वैतरणी नदी में अचानक बाढ़ आ सकता है, जिससे नदी किनारे स्थित 17 गांवों में नदी का पानी घुसने की भी संभावना है. इसको लेकर ग्रामीणों को पहले से अलर्ट किया गया है.




