जमशेदपुर : अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी सम्मेलन की झारखंड प्रांतीय इकाई का अधिवेशन आगामी 6 जुलाई 2025 को धनबाद के राजविलास रिसॉर्ट में आयोजित होने जा रहा है. यह अधिवेशन संगठन की दृष्टि से अत्यंत महत्त्वपूर्ण और संगठन की दिशा निर्धारित करने वाला होगा, जिसमें राज्य के सभी जिलों के प्रतिनिधि भाग लेंगे. केंद्रीय विधि मंत्री अर्जुन राम मेघवाल इस अधिवेशन के मुख्य अतिथि होंगे, जबकि केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ अधिवेशन का उद्घाटन करेंगे. आगामी 6 जुलाई को सुबह 10 बजे से आरंभ होनेवाले अधिवेशन के लिए धनबाद के गोविंदपुर स्थित राज विलास रिसॉर्ट को विशेष रूप से सजाया गया है. आयोजन समिति ने सभी प्रतिभागियों से ऑनलाइन पंजीकरण कराने का आग्रह किया है, ताकि पूरी व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके. (नीचे भी पढ़ें)
अधिवेशन में पूर्वी सिंहभूम ज़िला मारवाड़ी सम्मेलन की विशेष भागीदारी होगी, जिसमें जिला अध्यक्ष मुकेश मित्तल के नेतृत्व में जिले से 100 से अधिक सदस्य भाग लेंगे. इसके लिए अध्यक्ष मुकेश मित्तल स्वयं लगातार सभी शाखाओं, वरिष्ठ सदस्यों, महिला मंडल, युवा वर्ग और व्यावसायिक प्रतिनिधियों को इसमें शामिल होने के लिए प्रेरित कर रहे हैं. जानकारी के अनुसार अधिवेशन के लिए अब तक पूरे राज्य के 500 से अधिक सदस्य ऑनलाइन पंजीकरण करा चुके हैं. आयोजन समिति ने स्पष्ट किया है कि पंजीकरण अनिवार्य है ताकि आवास, भोजन, यातायात और बैठक जैसे महत्त्वपूर्ण कार्यक्रम व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सकें. (नीचे भी पढ़ें)
इस अधिवेशन में नव-निर्वाचित प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल का शपथ ग्रहण केंद्रबिंदु रहेगा. इसके अलावा अधिवेशन के दौरान सामाजिक, शैक्षणिक, व्यावसायिक और संगठनात्मक विषयों पर भी सत्र आयोजित किए जाएंगे. इनमें युवा सशक्तीकरण, महिला भागीदारी, समाजसेवा की दिशा, नए व्यावसायिक अवसर, डिजिटल युग में संगठन की भूमिका जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी. पूर्वी सिंहभूम ज़िले के कई प्रतिनिधि इन सत्रों में अपने अनुभव, सुझाव और विचार साझा करेंगे.











