जमशेदपुर : मारवाड़ी महिला मंच की जमशेदपुर शाखा कीओर से बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन में शनिवार, 5 जुलाई से सोमवार 7 जुलाई तक राखी मेले का आयोजन किया जा रहा है. मेले की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. यह मेला रोजाना सुबह 10 बजे से रात 09 बजे तक खुला रहेगा. मेले का औपचारिक रूप से उद्घाटन शनिवार, 05 जुलाई की शाम 4 बजे वर्ल्ड चौंपियन मुक्केबाज सह डीएसपी अरुणा मिश्रा करेंगी. मंच की सभी सदस्य इसे सफल बनाने में जुटी हुई हैं. इस मेले में लगभग 50 स्टॉल लगाए गये हैं, जिनमें विभिन्न शहरों से आई महिलाओं ने राखियों के स्टाल लगाए हैं. (नीचे भी पढ़ें)
संस्था की अध्यक्ष रानी अग्रवाल ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि मेले में एक ही छत के नीचे राखी, गिफ्ट आइटम, बेडशीट, लड्डू गोपाल की पोशाक, बंदनवार, साड़ी, कुर्ती और गृह सज्जा के सामानों का भरपूर कलेक्शन उचित मूल्य पर मिल सकेगा. इसके अलावा गृह उपयोगी हाथों से बने अचार, पापड़, मंगोड़ी, खजला भी उपलब्ध रहेंगे. महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से यह मेला विगत 36 वर्षों से आयोजित किया जा रहा है.












