पलामू: झारखंड के पलामू जिले के छतरपुर थाना अंतर्गत कउवल में एनएच 98 पर एक सड़क हादसा हो गया. इस हादसे में तीन मजदूर की मौत हो गयी,जबकि 27 लोग गंभीर से घायल हो गए. बताया जाता है कि सभी मजदूर बिहार के सासाराम धान की रोपनी करने जा रहे थे. जानकारी के अनुसार गढ़वा के रंका और रमकंडा इलाके से मजदूरों का एक जत्था पिकअप वाहन से सासाराम के लिए रवाना हुआ था. इसी दौरान कउवल के पास नेशनल हाईवे 98 पर पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप पलट गई और मजदूर उसमें फंस गए. (नीचे भी पढ़े)
हादसे में राजू भुइयां (सिगसिगा कला, गढ़वा), गुड्डू राम (कंचनपुर, रंका), और पूरण भुइयां (सिगसिगा, रंका) की मौत हो गई. 2 की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि एक की मौत इलाज के दौरान एमएमसीएच में हुई. पिकअप में कुल 30 लोग सवार थे, जिनमें 5 बच्चे भी शामिल थे. सभी घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, फिर गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) रेफर किया गया.अस्पताल में बिजली की व्यवस्था नहीं होने के कारण डॉक्टरों को टॉर्च की रोशनी में घायलों का इलाज करना पड़ा. घायल मजदूरों ने आरोप लगाया कि पिकअप चालक शराब के नशे में था. इसी कारण वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया. छतरपुर थाना प्रभारी प्रशांत प्रसाद ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है और 29 लोग घायल हैं. मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हादसे की जांच की जा रही है.











