चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड की मटियाबांधी पंचायत स्थित गंगा और घाघरा गांवों के बीच स्थित गोटाशिला पहाड़ पूजा मंगलवार, 8 जुलाई को है. गोटाशिला पहाड़ पूजा को लेकर पूजा कमेटी ने मंदिर के रंग-रोगन और साफ-सफाई का काम पूरा करा लिया है. सोमवार को झमाझम बारिश में भी कई दुकानदार अपनी दुकान लगाने के लिए स्थान तैयार करने में जुटे हुए हैं, ताकि मंगलवार को मेले के दौरान अपनी दुकान लगा सकें. (नीचे भी पढ़ें)

बता दें कि गोटाशिला पहाड़ का प्राकृतिक सौंदर्य यहां पूजा करने पहुंचे श्रद्धालुओं को बरबस ही अपनी ओर आकर्षित कर लेता है. चारों ओर खड़े साल पेड़ों की हरियाली और पक्षियों का मधुर कलरव गोटाशिला पहाड़ की पहचान है. हर वर्ष आषाढ़ मास के तीसरे मंगलवार को आयोजित होनेवाली गोटाशिला पहाड़ पूजा में शामिल होने के लिए आसपास के 40 मौजों के हजारों लोग जुटते हैं. यही नहीं, इस पूजा में झारखंड के अतिरिक्त पड़ोसी बंगाल एवं ओड़िशा राज्यों से भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. पहाड़ पूजा वाले दिन यहां विशाल ग्रामीण मेला भी लगता है. क्षेत्र के निवासियों ने बताया कि गोटाशिला पहाड़ पूजा सैकड़ों वर्षों से होती आ रही है. ग्रामीणों के अनुसार अच्छी बारिश के लिए श्रद्धालु गोटाशिला पड़ाड़ की पूजा-अर्चना करते हैं. इस पूजा से क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि आती है.(नीचे भी पढ़ें)

गंगा से ढेड़ किमी पैदल चलकर भक्त पहुंचते हैं मंदिर
गोटाशिला पहाड़ के बीचों बीच पहाड़ की तलहटी में भगवान शिव का एक मंदिर है. गोटाशिला पहाड़ पूजा करने के लिए विभिन्न वाहनों पर सवार होकर भक्त गंगा गांव तक पहुंचते हैं और वहां से पैदल ढेड़ किमी चल कर गोटाशिला बाबा धाम पहुंचकर श्रद्धा पूर्वक भगवान शिव की पूजा-अर्चना करते हैं. पहाड़ पूजा के अवसर पर मेले का आयोजन होता है, जिसमें स्थानीय के अलावा बड़ी संख्या में दूर-दूर से आये दुकानदार भी विभिन्न प्रकार की दुकानें लगाते हैं.पूजा करने के पश्चात ग्रामीण मेले का भी लुत्फ उठाते हैं.(नीचे भी पढ़ें)
मंदिर के पास स्थित झरने में पूरे साल रहता है पानी
गोटाशिला बाबा के मंदिर के पास दो झरने बहते हैं, जो लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बने रहते हैं. स्थानीय लोगों ने बताया कि इस झरनें से पूरे साल पानी बहता रहता है. उन्होंने बताया कि गर्मी के दिनों में क्षेत्र के समी तालाब या अन्य जल स्रोत सूख जाते हैं, किन्तु मंदिर के पास स्थित ये झरने कभी नहीं सूखते हैं. (नीचे भी पढ़ें)
गोटाशिला पहाड़ के सौंदर्यीकरण का काम जोरों पर
गोटाशिला पहाड़ के विकास के लिए विधायक समीर मोहंती ने मदद करने की घोषणा की है. गोटाशिला पहाड़ को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए राज्य सरकार की ओर से 12 करोड़ रूपए की स्वीकृती दिलाई है।वन विभाग द्वारा गोटाशिला पहाड़ के विकास कार्य जोर शोर से की जा रही है. इस संबंध में विधायक समीर मोहंती ने बताया कि पहाड़ के सौंदर्यीकरण का काम हो जाने से क्षेत्र के लोगों का आवागमन बढ़ेगा और क्षेत्र के लोगों के लिए नये रोजगार का सृजन भी होगा.



