जमशेदपुर: जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल के भूतल स्थित अल्ट्रासाउंड सेंटर के बाहर बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे मरीज और टेक्नीशियन के बीच मारपीट के बाद हंगामा हो गया. सूचना पर पहुंचे सुरक्षाकर्मियों ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया. करीब आधे घंटे तक परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. सूत्रों के अनुसार अल्ट्रासाउंड सेंटर के बाहर बड़ी संख्या में मरीज और परिजन कतार में खड़े थे. इसी दौरान अस्पताल के एक वार्ड में भर्ती मरीज को कतार से अलग अल्ट्रासाउंड के लिए अंदर जाने की अनुमति दिए जाने पर एक मरीज ने टेक्नीशियन से सवाल किया. इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया. इस दौरान एक कर्मचारी ने बीच-बचाव करते हुए मरीज के परिजन को थप्पड़ मार दिया. (नीचे भी पढ़ें)

वहीं, एक अन्य परिजन द्वारा घटना का वीडियो बनाए जाने पर एक कर्मचारी ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया. इसके बाद वहां मौजूद मरीज और परिजन आक्रोशित होकर कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा करने लगे. घटना में शामिल कर्मचारी कुछ देर के लिए वहां से चले गए. सूचना मिलने पर शिफ्ट इंचार्ज अखिलेश ओझा के नेतृत्व में सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति नियंत्रित की. इसके बाद अल्ट्रासाउंड जांच का काम दोबारा शुरू कराया गया. घटना को लेकर एक मरीज ने टेक्नीशियन के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए अस्पताल प्रबंधन को लिखित आवेदन भी दिया है.




