जमशेदपुर: जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र के कीताडीह ग्वाला पट्टी में शुक्रवार देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब अरुण दुकान के समीप कुछ अपराधियों ने आशीष कुमार भगत उर्फ जेठा को गोली मार दी. घायलावस्था में उसे तत्काल टीएमएच अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई थी. डॉक्टरों की सलाह पर शनिवार देर शाम परिजनों ने उसे बेहतर इलाज के लिए कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती कर दिया. जानकारी के अनुसार, गोली उसकी छाती में लगी है और अब तक शरीर के अंदर ही फंसी हुई है. घटना को लेकर बागबेड़ा थाना में गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पीड़ित के पिता आनंद कुमार भगत ने इस संबंध में स्थानीय युवकों बाबू सिंह उर्फ टेपर, राहुल यादव उर्फ छोटू, शुभम कुमार उर्फ कतलू, रंजन कुमार और सूरज दास पर उनके पुत्र को जान मारने की नीयत से गोली मारने का आरोप लगाया है. सभी आरोपी कीताडीह ग्वाला पट्टी के ही निवासी बताए जा रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आशीष शुक्रवार की देर रात लकड़िया बागान क्षेत्र में स्थित अरुण दुकान के समीप कुछ कार्यवश मौजूद था. उसी दौरान वहां पहुंचे आरोपियों ने अचानक उससे विवाद शुरू कर दिया, जो कुछ ही क्षणों में हिंसक झड़प में बदल गया. इसी बीच एक आरोपी ने पिस्तौल निकालकर आशीष पर गोली चला दी. गोली उसकी छाती में लगते ही वह गिर पड़ा और हमलावर फरार हो गए. स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल आशीष को टीएमएच पहुंचाया गया. घायल के पिता आनंद कुमार भगत ने बताया कि उनके बेटे आशीष का पहले भी बाबू सिंह उर्फ टेपर और उसके साथियों से विवाद हुआ था. उन्होंने आरोप लगाया कि यह हमला पूर्व नियोजित था और उनके बेटे को जान से मारने की साजिश के तहत ही गोली मारी गई. उन्होंने पुलिस से सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है. इधर बागबेड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और नामजद सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.




