जमशेदपुर : जमशेदपुर के आज़ाद नगर थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक ऑटो चोरी का मामला सामने आया है, जिसमें सतर्क ऑटो मालिक और स्थानीय लोगों की तत्परता के कारण दो शातिर चोरों को रंगे हाथों पकड़ लिया गया. घटना ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-3 स्थित अहतेमात हाइट्स फ्लैट के पास की है, जहाँ से एक ऑटो (संख्या जेएच 05सीएच 5123) रात करीब 11 बजे चोरी कर लिया गया था. ऑटो मालिक ने बताया कि वह रोज की तरह अपना ऑटो फ्लैट परिसर के बाहर खड़ा कर घर चला गया था. (नीचे देखे पूरी खबर)

जब देर रात बाहर आया तो देखा कि ऑटो अपनी जगह से गायब है. तत्काल आस-पास खोजबीन शुरू की गई और जानकारी मिली कि दो युवक ऑटो लेकर नेचर पार्क की दिशा में भागते देखे गए हैं. सूचना मिलते ही ऑटो मालिक कुछ स्थानीय लोगों के साथ नेचर पार्क की ओर दौड़े. नेचर पार्क के सामने जब चोर ऑटो लेकर तेजी से निकलने की कोशिश कर रहे थे, तभी स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को पकड़ लिया गया. सूचना पाकर आज़ाद नगर थाना प्रभारी चंदन कुमार अपने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर थाना ले गए. पकड़े गए दोनों युवकों की पहचान फरदीन और राजा के रूप में हुई है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों युवक पहले भी चोरी और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रह चुके हैं. थाने में दोनों से पूछताछ की जा रही है, साथ ही इनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है. थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि ऑटो मालिक की सतर्कता और स्थानीय लोगों की सक्रियता के कारण एक बड़ी चोरी को नाकाम किया गया.



