जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र के शिव घाट रोड स्थित महाकालेश्वर मंदिर में असामाजिक तत्वों ने देर रात चोरी की घटना को अंजाम देकर लोगों की धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने का काम किया है. इस मंदिर में पिछले तीन दिनों से लगातार चोर घुस रहे हैं और दान पेटी व मंदिर के अन्य सामानों पर हाथ साफ कर रहे हैं. बताया गया कि देर रात चोरों ने तीसरी बार पीछे के रास्ते से घुसकर शिवलिंग में लगे नाग, त्रिशूल समेत मंदिर में पूजन से संबंधित बर्तनों की चोरी कर ली. जानकारी मिलते ही कमेटी के लोगों ने इस संबंध में जुगसलाई पुलिस को सूचना दी, साथ ही लिखित शिकायत भी दर्ज कराई है. सूचना पर जुगसलाई थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है. (नीचे भी पढ़ें)
मंदिर के केयरटेकर सुनील शर्मा ने बताया कि शाम होते ही पूरा क्षेत्र नशेड़ियों का अड्डा बन जाता है. उनका परिवार वहां अकेले रहता है. ऐसे में कभी भी कोई अनहोनी हो सकती है. उन्हें नशेड़ियों की गतिविधियों से अब डर लगने लगा है. मंदिर में ठीक दो दिनों पहले ही दान पेटी की चोरी हुई थी. आज सुबह जब वे मंदिर खोलने पहुंचे तब देखा कि बाबा भोलेनाथ में लपेटे हुए नाग, त्रिशूल और पूजा के बर्तन गायब हैं. उन्हें आशंका है कि चोरी की घटना को नशेड़ियों ने ही अंजाम दिया है. घटना के बाद से स्थानीय लोगों का कहना है कि असामाजिक तत्वों की ओर से कभी भी धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाई जा सकती है. उन्होंने जिला प्रशासन से उस स्थान पर टीओपी का निर्माण कराने और इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाये जाने की मांग की है.



