रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : चक्रधरपुर के आदिवासी बालक छात्रावास में आसमानी बिजली गिरने से छात्रावास की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई है. इसमें छात्रावास में मौजूद बच्चे बाल-बाल बच गए, किसी को कोई चोट नहीं आई है. छात्रावास में लगभग 100 विद्यार्थी रहते हैं. स्थानीय छात्रों ने बताया कि इससे पूर्व भी ऐसी घटना घट चुकी है. इसके मद्देनजर विद्यार्थियों ने छात्रावास भवन में तत्काल तड़ित चालक लगवाने की मांग की है. (नीचे भी पढ़ें)

बता दें कि अपराह्न साढ़े तीन बजे के आसपास छात्रावास भवन पर अचानक वज्रपात हुआ, जिससे छात्रावास के सारे छात्र भयभीत हो गए. वज्रपात से छात्रावास की दीवार में दरार आ गई, हालांकि इस हादसे में किसी को कोई चोट नहीं आई, किन्तु वज्रपात के दौरान हुई तेज आवाज के कारण सभी विद्यार्थी डर गए. जानकारी के अनुसार जिस समय वज्रपात हुआ, उस वक्त छात्र बाहर में कुछ कार्य कर रहे थे. अचानक हुए वज्रपात के कारण छात्रों में भय का माहौल कायम हो गया है.














