नई दिल्ली : कर्मचारियों के लिए एक राहत भरी खबर है. सरकार ने साफ कर दिया है कि अगर नौकरी के दौरान कर्मचारी की मृत्यु हो जाती है तो परिवार को कम से कम 50 हजार रुपये का इंश्योरेंस मिलेगा. अगर कर्मचारी के पीएफ खाते में 50,000 रुपये नहीं हैं तो भी यह लाभ मिलेगा. यही नहीं, अगर किसी कर्मचारी की नौकरी में 60 दिन का गैप हो जाता है तो भी उसे लगातार नौकरी ही माना जाएगा. केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने एडली (ईडीएलआइ) योजना के नियमों में बड़ी ढील दी है. (नीचे भी पढ़ें)
नए नियम के अनुसार, अगर किसी कर्मचारी की नौकरी के दौरान मौत हो जाती है, तो उसके परिवार को कम से कम ₹50,000 मिलेंगे. पहले यह नियम था कि पीएफ खाते में कम से कम ₹50,000 होने चाहिएं, तभी इंश्योरेंस का लाभ मिलता था. लेकिन अब नियम बदल गया है. मंत्रालय ने यह भी कहा है कि अगर किसी कर्मचारी ने लगातार 12 महीने तक नौकरी की है, तो भी उसे बीमा का लाभ मिलेगा. नए नियमों में अच्छी बात यह है कि अगर कोई बीच में नौकरी छोड़ देता है और गैप के बाद फिर से दूसरी नौकरी ज्वाइन करता है, तो भी उसे योजना का लाभ मिलेगा. अगर दो नौकरियों के बीच 60 दिन से कम का गैप है, तो उसे भी लगातार नौकरी माना जाएगा. इसका मतलब है कि अगर किसी कर्मचारी ने दो अलग-अलग कंपनियों में काम किया है और उन दोनों नौकरियों के बीच 60 दिन से कम का गैप है, तो उसे भी इंश्योरेंस का फायदा मिलेगा. (नीचे भी पढ़ें)
केंद्र सरकार ने एक और नियम में बदलाव किया है. अगर किसी कर्मचारी की मृत्यु आखिरी सैलरी मिलने के 6 महीने के भीतर हो जाती है तो भी उसे इंश्योरेंस का फायदा मिलेगा. मंत्रालय का कहना है कि जो भी कर्मचारी ईपीएफओ के सदस्य हैं और आखिरी सैलरी से पीएफ कटने के 6 महीने के भीतर मृत्यु हो जाती है तो भी उन्हें योजना के इंश्योरेंस का लाभ मिलेगा. (नीचे भी पढ़ें)
क्या है एडली योजना
कर्मचारी जमा लिंक्ड बीमा योजना (इंप्लॉई डिपॉजिट लिंक्ड इंश्योरेंस स्कीम) कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के अंतर्गत चलाई जाने वाली योजना है. इस योजना के तहत संगठित क्षेत्र के कर्मचारियों को नौकरी के दौरान मृत्यु होने पर इंश्योरेंस का लाभ मिलता है. योजना के तहत कर्मचारी के परिजनों, यानी कानूनी उत्तराधिकारी को एकमुश्त रकम मिलती है. खास बात यह है कि इस इंश्योरेंस के तहत कर्मचारी को अपनी ओर से कोई पैसा नहीं देना होता है.











