रामगोपाल जेना,चाईबासा:पश्चिमी सिंहभूम के नोवामुंडी इंटर कॉलेज में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए. उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया और मंच से पूरे सिंहभूम क्षेत्र के विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं. श्री कोड़ा ने कहा शिक्षा ही किसी समाज की असली शक्ति है. पश्चिमी सिंहभूम के छात्रों में अपार क्षमता है, जरूरत है उन्हें अवसर देने की. इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक कॉलेज, आयुर्वेदिक कॉलेज, आईटीआई और कोल्हान विश्वविद्यालय की स्थापना में मेरा संकल्प यही था कि हमारे ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्र के बच्चे भी उच्च शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ें.(नीचे भी पढ़े)

उन्होंने यह भी कहा कि वे हमेशा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के पक्षधर रहे हैं.इंटर साइंस में राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र अंकित साह को लैपटॉप प्रदान किया गया, जो कि पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा पहले से की गई घोषणा के तहत दिया गया.श्री कोड़ा ने यह भी स्पष्ट किया भविष्य में भी जो छात्र विश्वविद्यालय या राज्य स्तर पर टॉप करेगा, उसे लैपटॉप या अन्य प्रेरणादायक पुरस्कार दिए जाएंगे.कार्यक्रम में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां जैसे “हो”, “संथाली”, “संबलपुरी”, “झारखंडी” और “साउथ इंडियन” नृत्य हुए, जिनमें छात्रों की प्रतिभा देखने योग्य थीं.विशिष्ट अतिथि के रूप में अतीन चटर्जी, महाप्रबंधक, टाटा स्टील, नोवामुंडी, नेसार अहमद, जीबी फाउंडर सदस्य, सुरेश कुमार ड्रोलिया, महाप्रबंधक, श्री बालाजी इंडस्ट्रीज़, समेत सभी स्कूल के प्राध्यापक,शिक्षक और प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित रहे.














