चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले में नक्सलियों के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान में जिला पुलिस व अन्य सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने भारी सफलता दर्ज कराते हुए जिले के टोकलो थाना क्षेत्र से 14 आइईडी के साथ ही देसी हैंड ग्रेनेड, अमोनियम नाइट्रेट पाउडर, पटाखा पाउडर एवं स्टील कंटेनर आदि विस्फोटक बनाने के सामान बरामद किये हैं. (नीचे भी पढ़ें)
जिला पुलिस की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार जिला पुलिस अधीक्षक को नक्सलियों द्वारा जिले के टोकलो व सरायकेला खरसावां जिले के कुचाई थाना के सीमावर्ती पहाड़ी जंगलों में भारी मात्रा में गोला-बारूद छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली थी. इसके पश्चात पश्चिमी सिंहभूम एवं सरायकेला खरसावां जिलों की पुलिस के साथ ही झारखंड जगुआर एवं सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को सर्च अभियान शुरू किया. रविवार, 20 जुलाई को टीम ने दोनों जिलों के सीमावर्ती पहाड़ी जंगलों में नक्सलियों द्वारा पूर्व में लगाये करीब 2-2 किलो वजन के 14 आइईडी के साथ ही भारी मात्रा में छिपा कर रखे विस्फोटक एवं विस्फोटक बनाने के सामान बरामद किये. बरामद की गई सामग्रियों में 14 आइईडी के साथ ही देसी हैंड ग्रेनेड, अमोनियम नाइट्रेट पाउडर, पटाखा पाउडर आदि शामिल है. सुरक्षा बलों ने विस्फोटकों को सुरक्षा की दृष्टि से वही नष्ट करा दिया.



