जमशेदपुर: जमशेदपुर के ग्रामीण इलाका बोड़ाम थाना अंतर्गत भूला गांव में युवती के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. बोड़ाम थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार की सुबह 22 वर्षीय रामधन चित्रकार नामक युवक ने काम के बहाने युवती को घर में बुलाया और दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए शनिवार को आरोपी को गिरफ्तार कर रविवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. (नीचे भी पढ़े)
इस बीच, बोड़ाम थाना क्षेत्र स्थित एक स्पोर्ट्स दुकान में चोरी की घटना में भी पुलिस को सफलता मिली है. थाना प्रभारी ने बताया कि उक्त चोरी की घटना को कुल पांच आरोपियों ने अंजाम दिया था, जिनमें से एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. वहीं, दूसरे आरोपी को रविवार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया. गिरफ्तार युवक जमशेदपुर निवासी है, जिसकी पहचान अभी उजागर नहीं की गई है. थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार ने बताया कि बाकी बचे तीन फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा. पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कानूनी कार्रवाई की जा रही है. स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि क्षेत्र में अपराध पर इसी प्रकार लगाम लगती रहेगी.



