जमशेदपुर : जमशेदपुर की संस्था नेचर संस्था द्वारा बागबेड़ा जिला परिषद क्षेत्र में राजनीति विज्ञान की 75 छात्राओं को पंचायती राज व्यवस्था विषयक इंटर्नशिप कराया जा रहा है. ये सभी छात्राएं बागबेड़ा जिला परिषद क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों की कार्य प्रणाली और व्यवस्था को नजदीक से देखेगी. नेचर की संरक्षक, प्राध्यापक सह जिला पार्षद डॉक्टर कविता परमार अपने मार्गदर्शन में छात्राओं को दो महीने का निःशुल्क इंटर्नशिप करा रही हैं. पंचायत की संरचना, कार्यपद्धति के साथ साथ त्रिस्तरीय व्यवस्था को जानने, समझने का अवसर छात्राओं को दिया जा रहा है. इसी कड़ी में सेवानिवृत ब्लॉक पंचायती राज पदाधिकारी अजय सिन्हा ने छात्राओं को अपने व्याख्यान और अनुभव को साझा किया. (नीचे भी पढ़ें)

अजय सिन्हा ने पंचायत की संरचना पर विशेष प्रकाश डालते हुए त्रिस्तरीय व्यवस्था को विस्तृत रूप से समझाया. बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत मुखिया राजकुमार गौड़ से छात्राओं ने अलग अलग सवालों के माध्यम से पंचायत की कार्य प्रणाली को समझने का प्रयास किया. छात्राओं का वर्ग अनुग्रह नारायण सिंह शिक्षण एवं सेवा संस्थान में कराया जा रहा है जहां अलग अलग विषयों के विशेषज्ञ द्वारा जानकारी दी जा रही है. यह इंटर्नशिप छात्राओं के लिए रुचिकर होने के साथ साथ भविष्य में नेतृत्व क्षमता बढ़ाने और कैरियर में भी सहयोगी साबित होगा.



