चाकुलिया: बहरागोड़ा और चाकुलिया प्रखंड में भगवान विश्वकर्मा पूजा धूमधाम से और भक्ति भाव के साथ मनाई गई. इस अवसर पर जगह-जगह भगवान विश्वकर्मा की सुंदर प्रतिमाएं स्थापित की गई और पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाया गया. पूजा स्थल पर दिनभर भक्तों का आना-जाना लगा रहा लोगों ने विभिन्न पूजा स्थान पर पहुंचकर श्रद्धापूर्वक भगवान विश्वकर्मा की पूजा की. (नीचे भी पढ़े)
पूजा की शुरुआत सुबह से ही हो गई जब कारीगर मजदूर और व्यवसायियों ने अपने औजारों और मशीनों की पूजा की. लोगों का मानना है कि ऐसा करने से उनके काम में बरकत आती है और वह साल भर सुरक्षित रहते हैं. वहीं चाकुलिया के विभिन्न फैक्ट्री वर्कशॉप और गेराज जैसे स्थानों पर भगवान विश्वकर्मा की पूजा धूमधाम से की गई. लोगों ने भगवान विश्वकर्मा की पूजा कर अपने व्यापार और जीवन में समृद्धि की कामना की. इस दौरान कई स्थानों पर भंडारे का भी आयोजन किया गया और लोगों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया.














