
जमशेदपुर: गणेश चतुर्थी 2022 को पेशे से पत्रकार प्रवीण सेठी ने एक अभियान की शुरुआत की, इस अभियान के तहत लावारिस शवों के साथ-साथ वैसे लोगों का अंतिम संस्कार पूरे सम्मान के साथ संपन्न कराया जाता है जो की आर्थिक रूप से कमजोर हैं. इस अभियान के तहत अब तक 470 शवों का अंतिम संस्कार पूरे विधि विधान और सम्मान के साथ संपन्न कराया गया है. इस अभियान में पार्वती शमशान घाट प्रबंधक कमेटी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है जहां उनके द्वारा यथासंभव मदद पहुंचाने का प्रयास अभियान के सदस्यों को किया जाता है. गणेश चतुर्थी 2022 से लेकर अब तक किए गए 470 शवों के अंतिम संस्कार के बाद पितृ पक्ष की अमावस्या के उपलक्ष्य पर सभी आत्माओं की शांति के लिए पूरे विधि विधान के साथ पार्वती शमशान घाट में पिंडदान किया गया. (नीचे भी पढ़े)

तत्पश्चात हवन किया गया, शमशान घाट प्रबंधक के साथ-साथ श्मशान घाट के कर्मचारियों को और इस अभियान से जुड़े वैसे लोगों को सम्मानित किया गया जो प्रत्येक शव में अपनी शक्ति अनुसार आर्थिक सहयोग करने का प्रयास करते हैं. इतना ही नहीं 1000 लोगों के बीच श्राद्ध भोज का आयोजन किया गया. जानकारी देते हुए अभियान के संस्थापक प्रवीण सेठी ने बताया कि किसी भी लावारिस शव के लिए या फिर जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं अंतिम संस्कार में सक्षम नहीं है उनके नंबर 9204886232,7004813335 पर संपर्क कर इस सहायता का लाभ ले सकते हैं. उन्होंने कहा कि यह धरती का एक ऐसा बड़ा काम है जिसकी तुलना किसी कार्य से नही की जा सकती. इस कार्यक्रम में अंत्योदय एक अभियान के साथी ,पार्वती शमशान घाट प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारी ,जमशेदपुर विमेंस क्लब के पदाधिकारी समेत बड़ी संख्या में आम लोग शामिल हुए.











