जमशेदपुर : जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक ने गुरुवार को शहर के वरीय पुलिस पदाधिकारियों के साथ मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की. इसमें सिटी एसपी, शहरी क्षेत्र के सभी पुलिस उपाधीक्षकों और थाना प्रभारियों ने शिरकत की. बैठक में पूर्व से लंबित कांडों, वारंट और कुर्की के मामलों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया. बैठक में पासपोर्ट और चरित्र सत्यापन की प्रगति, केस डिस्पोजल की स्थिति, प्रिवेंटिव पुलिसिंग, पोक्सो एक्ट के लंबित मामलों के त्वरित निपटारे, सघन गश्त और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई. वरीय पुलिस अधीक्षक ने अपराध नियंत्रण और त्वरित कार्रवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के स्पष्ट निर्देश दिये, ताकि कानून-व्यवस्था मजबूत बनी रहे. उन्होंने थाना प्रभारियों को किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई शुरू करने एवं संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिये. (नीचे भी पढ़ें)

इसके साथ ही, एसएसपी ने संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कदम उठाने के भी निर्देश दिये. गश्त व्यवस्था में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई. बैठक में यह भी तय किया गया कि पुलिसकर्मी जनता के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखते हुए उनकी शिकायतों का शीघ्र निवारण करेंगे. एसएसपी ने कहा कि प्रभावी पुलिसिंग और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन से ही जनता का विश्वास कायम रह सकता है. उन्होंने टीम भावना के साथ कार्य करते हुए अपराधियों पर नकेल कसने और अपराध दर में कमी लाने का लक्ष्य तय किया. बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक, सभी शहरी डीएसपी और थाना प्रभारी मौजूद रहे. एसएसपी ने अंत में दोहराया कि कड़ी निगरानी, सक्रिय गश्त और तत्पर कार्रवाई ही मजबूत कानून-व्यवस्था की कुंजी है.



