
रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेमरा, रामगढ़ स्थित आवास में शुक्रवार की सुबह से ही उनके रिश्तेदारों एवं आगंतुकों का पहुंचना प्रारंभ हो गया. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, विधायक बसंत सोरेन सहित अन्य पारिवारिक सदस्यों तथा ग्राम वासियों ने नेमरा स्थित ठेका नाला घाट पर स्थानीय रीति-रिवाज एवं परम्परा के अनुरूप राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का “दशकर्म” संस्कार के सभी विधानों को पूर्ण किया. (नीचे देखे पूरी खबर)

राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संस्कार भोज की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई है. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन स्वयं इस संबंध में की जा रही सभी व्यवस्थाओं पर नजर रख रहे हैं, अधिकारियों द्वारा नेमरा के आस-पास क्षेत्र में बेहतर विधि-व्यवस्था का संधारण किया गया है. (नीचे देखे पूरी खबर)

संस्कार भोज में सम्मिलित होने वाले आगंतुकों को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी का सामना न करना पड़े इस निमित्त पंडालों में पर्याप्त संख्या में टेबल-कुर्सियां, पंखा, लाइट सहित सभी जरूरी व्यवस्था की गई है. सुगम आवागमन तथा वाहन पार्किंग की भी बेहतर व्यवस्था की गई है. दूसरी ओर इससे पहले मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने 79 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने पैतृक गांव नेमरा, रामगढ़ में झंडोत्तोलन कर तिरंगे को सलामी दी. इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने समस्त झारखण्ड वासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी.












