जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना पुलिस ने रेलवे हाई स्कूल के पास गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने इनके पास से एक देसी पिस्टल और एक मैगजीन बरामद की है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बागबेड़ा गांधी नगर निवासी बादशाह खान और कीताडीह ग्वाला बस्ती साईं मंदिर के पास रहने वाले विष्णु सिंह के रूप में हुई है. दोनों को थाने लाकर पूछताछ की गयी. पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में अपने अन्य दो साथियों का नाम बताया, जो मौके से फरार हो गए. उनका नाम पंकज उर्फ गोलू और पोषो बच्चा है. दोनों बागबेड़ा रामनगर के रहने वाले हैं. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस का कहना है कि चारों बदमाश किसी अपराध की योजना बना रहे थे. इसी दौरान गुप्त सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई कर दो को दबोच लिया, लेकिन बाकी फरार हो गए. फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस टीम लगातार उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा. इलाके में इन अपराधियों का दबदबा रहा है और इनके कारण स्थानीय लोग भयभीत रहते थे. आए दिन क्षेत्र में उत्पात की शिकायतें मिल रही थीं. पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लोगों ने राहत की सांस ली है. थाना प्रभारी ने कहा कि गिरफ्तार बदमाशों से मिली जानकारी के आधार पर पूरे गिरोह का नेटवर्क खंगाला जा रहा है.











