चाकुलिया : चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रांगण में मंगलवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का शुभारंभ प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ रंजीत मुर्मू ने दीप प्रज्वलित कर किया. इस शिविर में कुल 11 यूनिट रक्त संग्रह किया गया. शिविर संचालन सदर अस्पताल ब्लड बैंक की टीम द्वारा सुरक्षित रूप से किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
रक्तदान महादान है, इससे बड़ा कोई पुण्य नहीं डॉ मुर्मू : उद्घाटन के पश्चात उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ रंजीत मुर्मू ने कहा कि रक्तदान महादान है, रक्तदान बड़ा पुण्य दान है. उन्होंने कहा कि समय पर किया गया रक्तदान किसी की अनमोल जान बचा सकता है. डॉ मुर्मू ने विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि नियमित रक्तदान करने से शरीर में किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती, बल्कि यह स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद है. उन्होंने युवाओं और आम नागरिकों से बढ़-चढ़कर रक्तदान करने की अपील की है. शिविर को सफल बनाने में डॉ कृष्ण वल्लभ महतो, बीएएम प्रणय कुमार बेहुरीया, बीपीएम सतीश वर्मा, अरुण कुमार मंडल समेत स्वास्थ्य केंद्र के कर्मीयों ने अहम भूमिका निभाई. रक्त संग्रहण का कार्य सदर अस्पताल के ब्लड बैंक की विशेष टीम द्वारा किया गया, जिन्होंने डोनर्स का स्वास्थ्य परीक्षण कर रक्त संग्रह किया. अंत में अतिथियों और स्वास्थ्य कर्मियों ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया और उन्हें प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया.












