रांची: झारखंड के रांची स्थित बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (बीआईटी), मेसरा कैंपस में बुधवार की रात एक एमबीए की छात्रा के साथ छेड़छाड़ और उस पर ब्लेड से हमला किया गया. इससे गुस्साए छात्रों ने कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है. घटना के संबंध में बताया जाता है कि बुधवार की रात कुछ असामाजिक तत्वों ने कैंपस के अंदर एक छात्रा के साथ छेड़छाड़ की. जब छात्रा ने विरोध किया, तो हमलावरों ने उस पर ब्लेड से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. छात्रा को तुरंत एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. (नीचे भी पढ़े)
घटना के बाद पूरे छात्र समुदाय आक्रोश है.घटना की सूचना मिलते ही, बीआईटी के छात्र एकजुट हो गए और देर रात से ही प्रशासनिक भवन के पास विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. वे घटना में शामिल आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं. छात्रों ने आज कक्षाओं का बहिष्कार कर दिया है, जिससे उनका विरोध और भी मुखर हो गया है.पुलिस ने छात्रों को शांत करने का प्रयास किया. लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं. उनका कहना है कि यह घटना कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था की खामियों को उजागर करती है. (नीचे भी पढ़े)
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल छात्रों का मानना है कि यह घटना बेहद निंदनीय है और कैंपस की सुरक्षा पर एक बड़ा सवाल खड़ा करती है.उन्होंने कहा कि बाहरी असामाजिक तत्वों का कैंपस में घुसना और इस तरह की वारदात को अंजाम देना कॉलेज प्रशासन की लापरवाही को दर्शाता है. छात्रों ने सभी विद्यार्थियों से एकजुट होकर इस विरोध में शामिल होने की अपील की है, ताकि दोषियों को कड़ी सजा मिल सके. इस गंभीर मामले पर अभी तक कॉलेज प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.











