जमशेदपुर: जमशेदपुर के टेल्को थाना अंतर्गत मंडल बस्ती निवासी जय सिंह (34 वर्ष),ऑटो चालक ने गुरुवार शाम अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग जुटे और इसकी सूचना टेल्को पुलिस को दी गई. सूचना पाकर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जय सिंह को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर पंचनामा तैयार किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.(नीचे भी पढ़े)
शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. मृतक के परिजनों ने बताया कि जय सिंह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से गुजर रहे थे. जय सिंह अपने शादी के रिश्ते को लेकर तनाव में थे. परिजन व स्थानीय लोगों का कहना है कि जय सिंह स्वभाव से मिलनसार थे, लेकिन हाल के दिनों में वह चुपचाप रहने लगे थे और ज्यादा बातचीत नहीं करते थे. टेल्को थाना प्रभारी ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और परिजनों व पड़ोसियों से पूछताछ की जा रही है.











