जमशेदपुर : जमशेदपुर के जोजोबेड़ा स्थित नुवोको सीमेंट के कर्मचारियों का वित्तीय वर्ष 2024-2025 का सलाना बोनस समझौता यूनियन और प्रबंधन के बीच सम्पन्न हुआ. समझौता के मुताबिक वर्ष 2024-2025 के लिए कर्मचारियों को 20 प्रतिशत बोनस मिलेगा. ज्ञात हो नुवोको मे उत्पादन के लिए 7 फीसदी, मुनाफा पर 6 फीसदी, सेफ्टी पर 7 फीसदी मिलाकर 20 फीसदी बोनस बनता था. कर्मचारियों को न्यूनतम 63,111 रुपये एवं अधिकतम 2,37,625 रुपये मिलेगा. बोनस का भुगतान अगस्त माह के वेतन के साथ मिलेगा. (नीचे भी पढ़े)

समझौता पर प्रबंधन की ओर से प्लांट हेड हरि किशोर गरिकापति, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (एचआर) अर्नव वासु, जीएम (एचआर) राजीव मिश्रा, डीजीएम (एकाउंट्स) अभिजीत मंडल, आलोक वाजपेयी एवं समीर कुमार ने तथा यूनियन की ओर से अध्यक्ष राकेश्वर पाण्डेय, डिप्टी प्रेसिडेंट विनय त्रिवेदी, वाईस प्रेसिडेंट संजीव श्रीवास्तव, महामंत्री विजय खान, सहायक सचिव सुनील शुक्ला, कोषाध्यक्ष संजीव सिंह, कमिटी मेंबर विजय देव, एनबी थापा, रणवीर कर्मकार ने हस्ताक्षर किये. इस मौके पर यूनियन के अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय ने कहा कि इस बेहतर बोनस समझौते के लिए प्रबंधन को बहुत-बहुत धन्यवाद देता हूं. जोजोबेड़ा सीमेंट प्लांट के यूनियन और प्रबंधन के आपसी संबंधों और मजदूर के मेहनत का प्रतिफल यह समझौता है. उन्होंने कर्मचारियों से पैसे का सही उपयोग करने और उसे भविष्य के लिए बचा कर रखने की भी अपील की.











