जमशेदपुर : जमशेदपुर के बर्मामाइंस मुखी समाज बस्ती में नागरिक सुविधाओं और धार्मिक आस्था से जुड़े मामले को लेकर मुखी समाज झारखण्ड प्रदेश के नेतृत्व में टाटा स्टील यूआइएसएल के महाप्रबंधक को मांग पत्र सौंपा है. समाज के मुखिया महेश मुखी के नेतृत्व में दिए गए पत्र में पांच सूत्री मांगें रखी गई हैं. आवेदन के माध्यम से उन्होंने बस्ती की विभिन्न समस्याओं की ओर प्रबंधन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की है. मांग पत्र में बस्ती में अधूरे पड़े पेवर ब्लॉक बिछाने के कार्य को शीघ्र पूरा कराने, मैदान में प्रतिदिन साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था करने तथा अधूरे सार्वजनिक शौचालय का निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की गई है. (नीचे भी पढ़ें)

इसके अलावा बिजली बिल में लगातार बढ़ोतरी और अधिक बिल आने की शिकायतों को गंभीरता से उठाया गया है. समाज ने बिजली आपूर्ति एवं बिलिंग व्यवस्था की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा आवश्यकता पड़ने पर बिजली मीटर बदलने की मांग की है, ताकि मीटर रीडिंग और बिलिंग में पारदर्शिता बनी रहे. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं, समाज की धार्मिक आस्था से जुड़े सीटू तालाब (तार कंपनी) की घेराबंदी पर भी आपत्ति जताई गई है. समाज का कहना है कि वर्षों से इस तालाब का उपयोग पूजा-पाठ, कलश यात्रा और विसर्जन जैसे धार्मिक कार्यक्रमों के लिए किया जाता रहा है. इसलिए घेराबंदी की कार्रवाई तत्काल रोककर समाज के प्रतिनिधियों के साथ वार्ता कर समाधान निकाला जाए. महेश मुखी ने प्रबंधन से सभी मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया है.












