रांची : झारखंड की राजधानी रांची में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. सुखदेवनगर थाना क्षेत्र स्थित न्यू मार्केट बस स्टैंड में खड़ी एक बस से पुलिस ने लगभग दो करोड़ रुपये मूल्य के जाली नोट बरामद किए हैं. इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. बरामदगी के साथ ही पुलिस को जाली नोटों के एक संगठित सिंडिकेट की भी जानकारी मिली है. यह कार्रवाई डीआइजी सह एसएसपी चंदन सिन्हा के निर्देश पर कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोए के नेतृत्व में की गई. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पटना से आने वाली एक बस में जाली नोटों की बड़ी खेप रांची लाई जा रही है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बस की तलाशी ली और उसमें रखे गए एक बक्से से भारी मात्रा में नकली नोट बरामद किए. पूछताछ में खुलासा हुआ है कि यह कारोबार एक अंतरराज्यीय संगठित गिरोह से जुड़ा हुआ है. फिलहाल हिरासत में लिए गए दोनों युवकों से पूछताछ जारी है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस की टीमें अन्य संभावित आरोपियों और ठिकानों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं. एसएसपी चंदन सिन्हा ने बताया कि इस कार्रवाई से जाली नोटों के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है और आने वाले दिनों में इससे जुड़े कई अन्य लोगों की गिरफ्तारी संभव है.



