जमशेदपुर: भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा प्रत्येक वर्ष की भांति 8 मई विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर रक्तदान महायज्ञ का आयोजन पूरे उत्साह के साथ किया जा रहा है. रक्तदान शिविर में सभी रक्तदाताओं को आमंत्रित किया गया है, जो इस अवसर पर रक्तदान कर सके. रक्तदाताओं को सुचना देनें हेतु जहां नियमित रूप से रक्तदाताओं को मोबाईल संदेश प्रदान किये जा रहे हैं, वहीं शहर के प्रमुख चौक चौराहों पर बैनर पोस्टर लगाने के साथ ही जिला के सभी ग्रामीण बाजारों, स्थानीय प्रमुख कम्पनियों के गेट सहित मुख्य स्थानों पर लोगों को पम्पलेट पोस्टर प्रदान किये जा रहे हैं. इन कार्यों में रेड क्रॉस के कार्यकर्ता लगे हुए हैं. रक्तदान हेतु साकची डीसी ऑफिस रोड स्थित रेड क्रॉस भवन को पूरी तरह से रक्तदाताओं के लिए तैयार कर लिया गया. रक्तदान के लिए जहां 24 बेड लगाये गये हैं, वहीं रक्तदाताओं की सुविधा के लिए रक्तदान के तुरंत बाद ही रक्तदान हॉल में ही रक्तदाताओं को रिफ्रेशमेन्ट एवं सर्टिफिकेट तथा स्मृति चिन्ह प्रदान किया जायेगा. ग्राउन्ड फ्लोर पर सबसे पहले रक्तदाताओं का रजिस्ट्रेशन हमेशा की तरह कम्प्युटराईज्ड होगा, जिसमें वे मात्र अपना नाम व मोबाईल नम्बर बताकर अपने पुराने रक्तदाता रजिस्ट्रेशन डाटा के साथ जुड़ सकेंगे, इसके साथ ही होमोग्लोबिन जांच की सुविधा भी साथ ही उपलब्ध होगी. (नीचे भी पढ़े)
जमशेदपुर ब्लड सेन्टर के वरीय चिकित्सकों की निगरानी में योग्य तकनिशियनों द्वारा रक्तदाताओं से रक्तदान लिया जायेगा. 25वां, 50वां, 75वां तथा 100वां रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं को शिविर में स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया जायेगा. प्रातः 8 बजे से संध्या 5 बजे तक लगातार रक्तदान शिविर में रक्तदाता रक्तदान कर सकेंगे. वैसे रक्तदाता जो सुबह में शामिल होंगे, उन्हें सुबह के अनुसार नाश्ते में इडली, पोहा व फल, आमपना, छाछ, लस्सी, शर्बत प्रदान किये जायेंगे, दोपहर में आने वाले रक्तदाताओं के लिए भोजन की व्यवस्था रहेगी तथा शाम में पुनः फल, छाछ, लस्सी, शर्बत, सत्तू एवं शिविर का समापन 4 से 5 बजे आये रक्तदाताओं को खीर खिलाकर की जायेगी. रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने कहा कि 8 मई का रक्तदान आने वाले समय में गर्मी की दी जा रही सूचनाओं को देखकर महत्वपूर्ण है. अधिक से अधिक रक्तदाताओं के रक्तदान से रक्त की सुरक्षित मात्रा के एकत्र होने पर हर जरूरतमंद को किसी भी परिस्थिति में रक्त आसानी से उपलब्ध कराया जा सकेगा. उन्होंने रक्तदाताओं से भी कहा कि वे अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें.







