जमशेदपुर : मारवाड़ी सम्मेलन द्वारा टाटानगर से जयपुर के लिए सीधी रेल सेवा शुरू करने की मांग को लेकर किए गए प्रयासों को सफलता मिली है. रेलवे बोर्ड ने संतरागाछी-टाटानगर-जयपुर सीधी ट्रेन सेवा के प्रस्ताव को आधिकारिक मंजूरी दे दी है. मारवाड़ी सम्मेलन साकची शाखा के कोषाध्यक्ष सन्नी संघी ने कहा कि जमशेदपुर और पूरे कोल्हान क्षेत्र के लिए आज का दिन ऐतिहासिक और अत्यंत हर्ष का है. बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा करते हुए रेलवे बोर्ड ने यह निर्णय लिया है. उन्होंने बताया कि विगत दिनों लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के जमशेदपुर आगमन के दौरान भी मारवाड़ी समाज ने इस विषय को गंभीरता के साथ उनके समक्ष रखा था. (नीचे भी पढ़ें)
टाटानगर एवं आस-पास के क्षेत्रों में राजस्थानी मूल के लोगों की संख्या काफी अधिक है, जो धार्मिक, पर्यटन एवं शिक्षा के लिए अक्सर राजस्थान की यात्रा करते हैं. जयपुर, जोधपुर, अजमेर शरीफ, खाटूश्याम, सालासर, झुंझनू, कोटा जैसे स्थानों के लिए यात्रियों को अब अन्य स्टेशनों पर निर्भर रहने या लंबी दूरी के वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी. (नीचे भी पढ़ें)
इस ऐतिहासिक सौगात के लिए मारवाड़ी सम्मेलन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, जमशेदपुर के सांसद बिद्युत बरन महतो एवं जमशेदपुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र की विधायक पूर्णिमा साहू का हृदय से आभार व्यक्त किया है.







