नयी दिल्ली: अमूल ने बुधवार को दूध की कीमतों में 2 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ोतरी कर दी है. नए दाम गुरुवार, 14 मई से लागू होंगे. गुजरात कॉपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन के अनुसार, अमूल दूध के प्रमुख वेरिएंट और पैक पर कीमतें बढ़ाई गई हैं. कंपनी का कहना है कि यह बढ़ोतरी 2.5 से 3.5 फीसदी के बीच है. मई 2025 के बाद पहली बार दूध के दाम बढ़ाए गए हैं. पशु आहार, पैकेजिंग और ईंधन की लागत बढ़ने के कारण यह फैसला लिया गया.को-ऑपरेटिव के मुताबिक, दूध के उत्पादन और ऑपरेशनल खर्च में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. (नीचे भी पढ़े)
पशु चारे की बढ़ती कीमत और ट्रांसपोर्टेशन कॉस्ट बढ़ने की वजह से समय-समय पर दूध की कीमतों में बदलाव करना पड़ता है. पिछले कुछ सालों में डेयरी इंडस्ट्री पर इनपुट कॉस्ट का दबाव काफी बढ़ गया है.इससे पहले 1 मई 2025 को गुजरात और अन्य राज्यों में सभी प्रकार के अमूल दूध की कीमत में 2 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी. वहीं इससे पहले 4 जून 2024 को भी सभी वेरिएंट के दाम बढ़ाए गए थे, तब भी दाम में 2 रुपए प्रति लीटर तक की ही बढ़ोतरी की गई थी.







