हजारीबाग : हजारीबाग जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र में सेफ्टी टैंक में जहरीली गैस फैलने से एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है. बताया जा रहा है कि जिस सेफ्टी टैंक में हादसा हुआ, वहां अवैध रूप से महुआ दारू की चुलाई की जाती थी. लंबे समय तक टैंक में महुआ दारू रखे जाने के कारण उसमें जहरीली गैस बन गई थी. जानकारी के अनुसार, महुआ दारू निकालने के लिए सबसे पहले चमेली देवी टैंक में उतरीं. (नीचे भी पढ़ें)
जहरीली गैस की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. मां को बचाने के लिए बेटा रवि साव और चाचा मदन साव टैंक में उतरे, लेकिन दोनों भी गैस की वजह से बेहोश होकर टैंक में गिर पड़े और उनकी भी मौत हो गई. लगातार तीन मौतों से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना में आनंद साव गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. उन्हें इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सूचना मिलने पर कटकमदाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस अवैध महुआ दारू चुलाई और सुरक्षा व्यवस्था के पहलुओं की भी जांच कर रही है.







