जमशेदपुर: जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना अंतर्गत बाराद्वारी इलाके में एक दुकान में काम करने वाली युवती के साथ दुकान मालिक द्वारा जबरन शारीरिक संबंध बनाने के प्रयास का मामला सामने आया है. शिकायत थाने पहुंचने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.घटना के आरोपी की पहचान बाराद्वारी, रूद्र अपार्टमेंट श्री निकेतन के पास रहने वाले संजय अग्रवाल के रूप में हुई है. वहीं पीड़िता सिदगोड़ा की निवासी है.पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि दुकान मालिक संजय अग्रवाल ने 26 मई से लेकर 29 मई की रात करीब 10:30 बजे तक लगातार उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया. युवती के अनुसार उसने हर बार आरोपी की हरकतों का विरोध किया, लेकिन आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया.(नीचे भी पढ़े)
युवती का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और जातिसूचक गालियां भी दीं. इतना ही नहीं, दुकान मालिक की बात नहीं मानने पर 29 मई की रात उसके साथ गाली-गलौज कर उसे काम से निकाल दिया गया.घटना के बाद से पीड़िता काफी डरी और सहमी हुई है. उसने आशंका जताई है कि आरोपी की ओर से उसके साथ कभी भी कोई अनहोनी घटना हो सकती है. इस कारण वह मानसिक तनाव में भी है.मामला सामने आने के बाद सीतारामडेरा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. घटना के सामने आने के बाद इलाके में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है.







