जमशेदपुर: जमशेदपुर पुलिस ने अवैध हथियार और कारतूस उपलब्ध कराने वाले एक संगठित गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई जुगसलाई थाना कांड संख्या 45/2026 के तहत की गई.पुलिस को 4 जून को गुप्त सूचना मिली थी कि हथियार और एम्युनिशन की सप्लाई से जुड़े गिरोह का एक सक्रिय सदस्य जुगसलाई में आने वाला है. सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन तथा पुलिस उपाधीक्षक विधि-व्यवस्था सुमित कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया.छापेमारी के दौरान पुलिस ने 27 वर्षीय सैयद अदनान मिर्जा को उसकी सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार (जेएच 01डीएफ 9259) के साथ हिरासत में लिया. पूछताछ और उसके स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर कार की पिछली सीट के नीचे बने गुप्त स्थान से दो लोहे के पिस्टल मैगजीन बरामद किए गए. (नीचे भी पढ़े)
दोनों मैगजीन में दो-दो 7.65 एमएम के जिंदा कारतूस लोड थे. पुलिस ने मौके से दो मोबाइल फोन, चार जिंदा कारतूस, दो पिस्टल मैगजीन तथा स्विफ्ट डिजायर कार को जब्त कर लिया. आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है. पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया है कि वह अपने सहयोगियों के साथ मिलकर जरूरत के अनुसार गिरोह के सदस्यों और अन्य लोगों को हथियार एवं गोली उपलब्ध कराता था. पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है.पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी गोलमुरी थाना कांड संख्या 80/2023 दर्ज है, जिसमें हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराएं शामिल थीं. इस कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक विधि-व्यवस्था सुमित कुमार, जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी खां सहित जुगसलाई थाना के कई पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे.







