जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में एक नवजात बच्चे की मौत के बाद शुक्रवार को परिजनों का गुस्सा फूट गया, जहां परिजनों ने जमकर हंगामा किया. स्थिति को देखते हुए अस्पताल के सुरक्षा कर्मियों ने हस्तक्षेप कर मामले को शांत कराया. जानकारी के अनुसार, परसुडीह निवासी सोनू सिंह की पत्नी ने 1 जून को एमजीएम अस्पताल में एक बच्चे को जन्म दिया था. नवजात का वजन करीब डेढ़ किलो होने के कारण उसे अस्पताल के एनआईसीयू में भर्ती कराया गया था. परिजनों का आरोप है कि बच्चे के लिए मां का दूध भेजा गया था, लेकिन उसे समय पर नहीं दिया गया और वह यूं ही रखा रह गया. उनका कहना है कि इलाज में लापरवाही के कारण बच्चे की मौत हुई है. (नीचे भी पढ़ें)

वहीं, अस्पताल प्रशासन ने परिजनों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि नवजात गंभीर संक्रमण से पीड़ित था. अस्पताल के अनुसार, बच्चे की मौत संक्रमण की वजह से हुई है, न कि किसी प्रकार की लापरवाही के कारण. फिलहाल, मामले को लेकर अस्पताल प्रशासन और परिजनों के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई है.







