चांडिल : चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया. भादूडीह स्थित एचएलएम फ्यूल पंप के समीप दो ऑटो के बीच आमने-सामने से हुई जोरदार टक्कर में दोनों वाहनों के चालकों समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. (नीचे भी पढ़ें)

जानकारी के अनुसार, एक ऑटो चांडिल से चार यात्रियों को लेकर जमशेदपुर की ओर जा रहा था. सुबह करीब 8 बजे भादूडीह के पास पहुंचने पर सामने से कथित रूप से गलत दिशा में आ रहे दूसरे ऑटो को देखकर चालक ने वाहन बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज रफ्तार के कारण दोनों वाहनों की सीधी भिड़ंत हो गई.टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं. हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकाला. (नीचे भी पढ़ें)
सभी घायलों को एम्बुलेंस से पहले नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया. उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया. पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर हादसे के कारणों की जांच कर रही है.







