जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र स्थित भुवनेश्वर मंदिर के समीप रविवार देर शाम को दो कारों के बीच जोरदार टक्कर हो गई. दुर्घटना के समय एक कार में पूरा परिवार सवार था, जबकि दूसरी दिशा से आ रही स्विफ्ट कार (नंबर बीआर 01 जेजेड 4798) ने उसे टक्कर मार दी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. लोगों का आरोप है कि स्विफ्ट कार में सवार युवक शराब के नशे में थे और नशे की हालत में वाहन चला रहे थे. (नीचे देखे पूरी खबर)

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर काफी देर तक हंगामा और हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. सूचना मिलने पर टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन से शराब के बोतल ओर पीते हुए पेग भी बरामद हुए हैं. हालांकि, पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वाहन चालक और सवार लोग शराब के नशे में थे या नहीं. क्षेत्र के लोगों ने चिंता जताते हुए कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाने के कारण सड़क दुर्घटनाओं की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. इसके बावजूद कई लोग, खासकर कम उम्र के युवक, लापरवाही बरतते हुए शराब पीकर वाहन चला रहे हैं, जिससे आम लोगों की जान खतरे में पड़ रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई.







