गिरिडीह : गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुर पंचायत के तुरुकडीहा गांव में सोमवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई है. एक व्यक्ति पर अपनी तीन मासूम बेटियों की हत्या करने का आरोप लगा है. घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है. पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान नंदकिशोर यादव के रूप में हुई है. आरोप है कि उसने अपनी बेटियों पलवी कुमारी (12 वर्ष), रिद्धि कुमारी (7 वर्ष) और सिद्धि कुमारी (7 वर्ष) की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी. घटना देर रात की बताई जा रही है, जबकि सोमवार सुबह इसकी जानकारी लोगों को हुई. सूचना मिलने पर जीतबाहन उरांव, मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो तथा पुलिस बल मौके पर पहुंचे. (नीचे भी पढ़ें)

पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में हत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है. पुलिस पारिवारिक विवाद, मानसिक स्थिति समेत विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. एसडीपीओ जीतबाहन उरांव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मामले की जांच जारी है. इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में स्तब्धता और शोक का माहौल है.







