जमशेदपुर: जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र के रामजनम नगर स्थित बिहारी बस्ती में बुधवार शाम पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट और फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. मामले में रामजनम नगर निवासी समीर नाग ने बुधवार रात कदमा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के अनुसार, समीर नाग अपने दोस्तों सन्नी गुप्ता और विकास तांती के साथ मरीन ड्राइव हाईवे के नीचे स्थित शौचालय के पास खड़ा था. इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर छह युवक वहां पहुंचे और पुराने विवाद को लेकर गाली-गलौज करते हुए तीनों के साथ मारपीट शुरू कर दी. (नीचे भी पढ़ें)
आरोप है कि हमलावरों ने ईंट-पत्थरों से हमला किया, जिससे समीर नाग के सिर पर गंभीर चोट लगी, जबकि उसके दोनों साथी भी घायल हो गए. समीर नाग ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि मारपीट के बाद आसू कर्मकार ने जान से मारने की नीयत से तीन राउंड फायरिंग की. हालांकि, गोली किसी को नहीं लगी और तीनों युवक किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे.

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है. इधर, शिकायत मिलने के बाद कदमा थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की बात कह रही है.






