जमशेदपुर : मुहर्रम-2026 के अवसर पर विधि-व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने के उद्देश्य से स्थानीय होटल महल इन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई. बैठक में मुहर्रम कमेटी के पदाधिकारियों, विभिन्न अखाड़ा लाइसेंस धारियों एवं शांति समिति के सदस्यों ने भाग लिया. बैठक में मानगो नगर निगम के अपर नगर आयुक्त जितेन्द्र कुमार, आजादनगर थाना प्रभारी दीपक कुमार तथा मानगो नगर निगम के चंदन कुमार और निशांत कुमार उपस्थित रहे. अधिकारियों ने सभी उपस्थित लोगों से मुहर्रम को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से मनाने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की. (नीचे भी पढ़ें)
आजादनगर थाना शांति समिति के सचिव मुख्तार आलम खान ने बताया कि पिछले वर्षों की तरह इस वर्ष भी मुहर्रम का पर्व शांति, अनुशासन एवं भाईचारे के साथ मनाया जाएगा. उन्होंने कहा कि सभी कमेटियां, लाइसेंसधारी, शांति समिति के सदस्य तथा प्रशासन आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं. बैठक में निर्णय लिया गया कि आजादनगर थाना क्षेत्र के सभी लाइसेंसधारी अपने-अपने इमामबाड़ों पर प्रशासन के सहयोग से धार्मिक आस्था के साथ शांतिपूर्वक आयोजन करेंगे. इस अवसर पर लाइसेंसधारी मोहम्मद सज्जाद, मोहम्मद अलाउद्दीन, अशरफ हुसैन, शेख इकबाल, गुलाम हैदर, मोहम्मद अलीम एवं शेख रजाउद्दीन ने पर्व के सफल आयोजन के लिए प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया. बैठक में शांति समिति के सदस्य रजी नौशाद, बबलू, डॉ ताहिर हुसैन, जावेद अख्तर, शेख बदरुद्दीन एवं अशफाक आलम भी उपस्थित रहे.







