जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र के कुंवर बस्ती में रविवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब एक किराये के मकान में घुसी दो अज्ञात महिलाओं पर बच्चों को लेकर जाने का प्रयास करने का आरोप लगा. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों महिलाओं को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. मिली जानकारी के अनुसार, कुंवर बस्ती निवासी बालेश्वर बेरा की रविवार सुबह करीब पांच बजे अचानक नींद खुली तो उन्होंने देखा कि दो अनजान महिलाएं उनके घर के अंदर मौजूद हैं और दो बच्चों को लेकर बाहर जाने की कोशिश कर रही हैं. शक होने पर उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए. (नीचे भी पढ़ें)

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय वार्ड पार्षद के पति भी घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी गई. कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग वहां जमा हो गए. लोगों ने दोनों महिलाओं को पकड़कर मानगो थाना पुलिस के हवाले कर दिया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं को पूछताछ के लिए थाना ले गई. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिलाएं कौन हैं, बच्चों को ले जाने की कोशिश के पीछे क्या कारण था और कहीं उनके पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है. पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. फिलहाल पूछताछ जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविकता सामने आ सकेगी. इसलिए अभी महिलाओं के खिलाफ लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.







