रामगोपाल जेना,सोनुवा : सोनुवा प्रखंड के सोनापोस पंचायत अंतर्गत बनुवा गांव में पेयजल जन आंदोलन के तहत आयोजित विशाल ग्राम सभा में ग्रामीणों ने पेयजल संकट को लेकर जिला प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. सभा में ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि 30 दिनों के भीतर पेयजल समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो जिला मुख्यालय एवं प्रखंड कार्यालय के समक्ष निर्जल अनशन किया जाएगा.ग्राम सभा में युवा आंदोलनकारी अमित महतो, मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र से आजसू के पूर्व प्रत्याशी डॉ दिनेश चंद्र बोयपाई, पंचायत समिति सदस्य सविता देवी सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे. ग्रामीणों ने बताया कि गांव की लगभग एक हजार की आबादी वर्षों से गंभीर पेयजल संकट झेल रही है.बैठक में यह भी चर्चा का विषय रहा कि ग्रामीणों के आमंत्रण के बावजूद स्थानीय मुखिया उपस्थित नहीं हुए.(नीचे भी पढ़े)
सभा को संबोधित करते हुए अमित महतो ने कहा कि देश की आजादी के 78 वर्ष बाद भी बनुवा गांव के लोग बूंद-बूंद पानी के लिए संघर्ष कर रहे हैं. गांव का भूभाग पठारी होने के कारण यहां डीप बोरिंग सफल नहीं हो पाती. ग्रामीणों को भीषण गर्मी में लगभग दो किलोमीटर दूर जाकर सोलर जलमीनार के स्टैंड पोस्ट से पानी भरकर साइकिल के माध्यम से घर लाना पड़ता है. इससे गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है.ग्रामीणों ने बताया कि सोलर आधारित जलापूर्ति व्यवस्था मौसम पर निर्भर है. धूप नहीं रहने पर जलापूर्ति बाधित हो जाती है, जिसके कारण लोगों को तीन से चार किलोमीटर दूर स्थित पेट्रोल पंप अथवा अन्य गांवों से पानी लाना पड़ता है..(नीचे भी पढ़े)
ग्रामसभा के दौरान व्यापक हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया. ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर जिला प्रशासन एवं पेयजल विभाग को 30 दिनों का अल्टीमेटम दिया. ग्रामीणों ने कहा कि निर्धारित अवधि के भीतर समस्या का समाधान नहीं होने पर गांव के लोग अमित महतो के नेतृत्व में अनिश्चितकालीन निर्जला अनशन शुरू करेंगे.ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि आंदोलन के दौरान किसी प्रकार की जनहानि या अप्रिय घटना होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग की होगी.







