आदित्यपुर : सिखों के पांचवें गुरु श्री गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस के पावन अवसर पर सिख नौजवान सभा द्वारा सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर के आशियाना मोड़ पर भव्य छबील का आयोजन किया गया. इस दौरान भीषण गर्मी को देखते हुए राहगीरों और स्थानीय लोगों के बीच ठंडे शरबत और चने का वितरण कर निस्वार्थ भाव से मानवता की सेवा की गई. इस धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेन्द्र नारायण सिंह ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि मानव की सेवा कैसे की जाती है, यह सिख समाज से सीखा जा सकता है. गुरु अर्जुन देव जी का सर्वोच्च बलिदान हमें हमेशा मानवता की भलाई और सेवा की प्रेरणा देता है. उन्होंने आयोजन समिति को इस पुनीत कार्य के लिए बधाई दी. इस मौके पर आयोजन समिति के सेवा सिंह ने बताया कि सिख समाज हर वर्ष इस शहादत दिवस पर छबील लगाकर लोगों की सेवा करता है. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा कि गुरु ग्रंथ साहिब में गुरु अर्जुन देव जी की बाणी को सबसे विशेष स्थान प्राप्त है और उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए ‘मानव सेवा ही सबसे बड़ी सेवा’ है. इस सेवा कार्य को सफल बनाने में आयोजन समिति के सेवा सिंह, जसपाल सिंह, मंजीत सिंह, हरदीप, अमनदीप, गुरुचरण सिंह, इंद्रजीत सिंह, गुरप्रीत सिंह, जसजोत सिंह, हरविन्दर सिंह, दीप, मन्नत, अश्विनी सिंह, मिथलेश झा सहित कई अन्य सेवादार और गणमान्य लोग मुख्य रूप से मौजूद रहे.







