जमशेदपुर: जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना अंतर्गत शिव मंदिर लाइन निवासी धीरज कुमार (29) की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. घटना शनिवार देर रात की है. घटना के संबंध में बताया जाता है कि धीरज कुमार अपने घर से करीब एक किलोमीटर दूर परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित रेलवे फाटक के पास अपने भाई को ड्यूटी से लेने जा रहा था. इसी दौरान उसकी बाइक अचानक असंतुलित हो गई और सड़क किनारे बने एक ढांचे से टकराते हुए गिर गई.(नीचे भी पढ़े)
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार दुर्घटना के दौरान वहां मौजूद लकड़ी का एक टुकड़ा धीरज की गर्दन में घुस गया, जिससे उसे गंभीर चोट लगी और काफी मात्रा में खून बह गया. हादसे के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उसे तत्काल इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की. रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है. मृतक धीरज कुमार टिस्को के एक वेंडर के यहां कार्यरत था और अपने परिवार का मुख्य कमाने वाला सदस्य था. उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. धीरज अपने पीछे पत्नी और एक छोटे बच्चे को छोड़ गया है. घटना के बाद परिवार और मोहल्ले में शोक का माहौल है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.







