जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र के महावीर कॉलोनी में सोमवार को सड़क पर बंपर बनाने को लेकर दो पड़ोसियों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. घटना में उमेश कुमार वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. घायल उमेश कुमार वर्मा ने अपने पड़ोसी प्रेमनाथ और मंजू देवी पर कुदाल एवं लोहे के औजार से हमला करने का आरोप लगाया है. घटना की सूचना मिलने के बाद मानगो थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी. उमेश कुमार वर्मा के अनुसार विवाद सड़क के हिस्से को ऊंचा करने और उस पर कथित कब्जे को लेकर शुरू हुआ. (नीचे भी पढ़ें)
उनका आरोप है कि पड़ोसी प्रेमनाथ ने पीछे का प्लॉट खरीदने के बाद हाल ही में सामने का एक और प्लॉट लिया और सड़क के हिस्से में बालू-मिट्टी भरकर उसे अपनी ओर ऊंचा करने लगे. इसके बाद उन्होंने शेष हिस्से पर मिट्टी डालकर बंपर बनाने की कोशिश की, ताकि मोहल्ले के छोटे बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और तेज रफ्तार वाहनों से दुर्घटना की आशंका कम हो. पीड़ित के मुताबिक, बंपर निर्माण के दौरान प्रेमनाथ और मंजू देवी मौके पर पहुंचे और इसका विरोध करने लगे. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो बाद में मारपीट में बदल गई. (नीचे भी पढ़ें)
उमेश का आरोप है कि विवाद के दौरान दोनों आरोपियों ने मौके पर मौजूद कुदाल और गड्ढा खोदने वाली लोहे की रैमी से उन पर हमला कर दिया. हमले में वे गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े. बाद में स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया. मानगो थाना पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.





