जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र के बसंत टॉकीज के पास सब्जी मंडी में खरीदारी के दौरान एक महिला डॉक्टर का करीब ढाई लाख रुपये मूल्य का सोने का आभूषण गायब हो गया. घटना के बाद पीड़िता ने साकची थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, मानगो निवासी डॉ आरती हाल ही में एक ज्वेलरी दुकान से लगभग ढाई लाख रुपये का सोने का आभूषण खरीदकर लाई थीं. सोमवार को वह अपनी कार से साकची सब्जी मंडी पहुंचीं. कार पार्क करने के बाद वह पर्स से पैसे निकालकर सब्जियां खरीद रही थीं. इसी दौरान उनका सोने का आभूषण कहीं गिर गया या फिर गायब हो गया. (नीचे भी पढ़ें)
कुछ समय बाद जब उन्हें आभूषण नहीं मिला तो उन्होंने आसपास काफी तलाश की. उन्होंने सब्जी विक्रेताओं और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की, लेकिन आभूषण का कोई सुराग नहीं मिल सका. इसके बाद उन्होंने साकची थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में डॉ आरती ने दो सब्जी विक्रेताओं अहमद और राजेश गुप्ता पर संदेह व्यक्त किया है. हालांकि पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
शिकायत मिलने के बाद साकची थाना पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. साथ ही स्थानीय दुकानदारों और अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.








