जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना पुलिस ने विशेष संध्या गश्ती अभियान के दौरान मुस्तैदी दिखाते हुए फर्जी नंबर प्लेट लगी चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है. सोमवार शाम पुलिस टीम को देखकर संदिग्ध हालत में घूम रहे दोनों युवक भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया. तलाशी और जांच के दौरान उनके पास से बरामद हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (जेएच05डीक्यू7610) के दस्तावेज और नंबर प्लेट फर्जी पाए गए. इसके बाद पुलिस ने बाइक जब्त कर ली. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान परसुडीह थाना क्षेत्र के छोटा गोविंदपुर सुभाषनगर निवासी मंगल गोप तथा गोविंदपुर थाना क्षेत्र के सुंदरहातु कोचा बस्ती निवासी गुरुचरण सरदार उर्फ छोटू सरदार के रूप में हुई है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे चोरी की मोटरसाइकिल पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहे थे. मामले में परसुडीह थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मंगलवार को दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि चोरी की इस बाइक का इस्तेमाल किसी अन्य आपराधिक गतिविधि में तो नहीं किया गया था.







