जमशेदपुर : जमशेदपुर में ईमानदारी और इंसानियत की एक मिसाल सामने आई है, जहां साकची के बसंत टॉकीज के पास स्थित सब्जी मंडी में एक महिला का करीब ढाई लाख रुपये मूल्य का सोने का ब्रेसलेट खो गया था, लेकिन एक सब्जी विक्रेता ने ईमानदारी का परिचय देते हुए उसे सुरक्षित साकची पुलिस के हवाले कर दिया और इस प्रकार उक्त महिला को उसका खोया हुआ गहना वापस मिल गया. (नीचे भी पढ़ें)
साकची के बसंत टॉकीज के समीप स्थित सब्जी मंडी में खरीदारी के दौरान एक महिला का सोने का ब्रेसलेट कहीं गिर गया. ब्रेसलेट की कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई जा रही है. घटना के बाद पीड़िता ने साकची थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए पुलिस से गहना बरामद करने की गुहार लगाई थी. (नीचे भी पढ़ें)
इसी बीच सब्जी विक्रेता अहमद हामिद को मंडी परिसर में यह सोने का आभूषण मिला, उन्होंने ईमानदारी का परिचय देते हुए बुधवार को बिना किसी लालच के आभूषण साकची पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए ब्रेसलेट उसकी वास्तविक मालकिन तक पहुंचा दिया है. अपना खोया ब्रेसलेट दोबारा मिलने पर महिला ने खुशी जाहिर करते हुए सब्जी विक्रेता के साथ ही पुलिस प्रशासन का भी आभार जताया है. (नीचे भी पढ़ें)
उधर सब्जी विक्रेता अहमद हामिद की इस ईमानदारी की स्थानीय लोगों ने जम कर सराहना की है. लोगों का कहना है कि आज के दौर में इस तरह के उदाहरण समाज में विश्वास और इनसानियत को मजबूत करते हैं.






