जमशेदपुर : टाटा स्टील के कमचारियों का वेज रिवीजन समझौता हो गया. इस वेज रिवीजन समझौता के तहत कंपनी के कर्मचारियों को सात साल तक नया वेतनमान के तहत वेतन मिलता रहेगा. इस पर कंपनी का अतिरिक्त करीब 1840 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च आयेगा. इसमें एनएस ग्रेड पर 1200 करोड़ रुपये यानी कुल बढ़े हुए वेतन का 65.2 फीसदी और ओल्ड सीरीज के कर्मचारियों पर करीब 640 करोड़ रुपये यानी कुल वेतन बढ़ोत्तरी का 34.8 फीसदी वेतन मिलेगा. करीब पांच माह में हुई 49 मीटिंग के बाद यह वेज रिवीजन समझौता हुआ. इसके तहत कर्मचारियों के वेतन में न्यूनतम 16,111 और अधिकतम 30,793 रुपये प्रति माह की बढ़ोतरी हुई है. अब अधिकतम वेतनमान 1 लाख 36 हजार 535 रुपये प्रति माह हो गया है. यह समझौता सात साल के लिए हुआ है, जो 1 जनवरी 2025 से 31 दिसंबर 2031 तक लागू होगा. समझौता के तहत ओल्ड सीरीज (ओएस) के कर्मचारियों का एमजीबी (मिनिमम गारंटीड बेनीफिट) वर्तमान बेसिक और डीए का 10 फीसदी किया गया है. हालांकि, 1 जनवरी 2025 से 31 मार्च 2026 तक 5 फीसदी का एमजीबी होगा. 1 अप्रैल 2026 से अतिरिक्त 5 फीसदी एमजीबी मिलेगा. इसके अलावा एलाउंस में करीब 3 हजार रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी की गयी है, जबकि 3 फीसदी बेसिक सैलरी का सालाना इंक्रीमेंट होगा. ओल्ड सीरीज ग्रेड के शत-प्रतिशत वेरिएबल डीए (वीडीए) को समायोजित कर दिया गया है. वीडीए के समायोजन और सारे एलाउंस के भुगतान के बाद ओएस-1 ग्रेड कर्मियों का न्यूनतम वेतनमान अब 86,055 रुपये प्रतिमाह हो गया है, पहले 54,025 प्रतिमाह था. (नीचे भी पढ़ें)

वहीं, पुराना ग्रेड की सबसे उच्च श्रेणी ओएस-12 का वेतन बढ़कर 1,36,535 रुपये प्रतिमाह हो गया है. पहले 85,720 रुपये था. एनएस ग्रेड के कर्मचारियों के एमजीबी में न्यूनतम 5500 और अधिकतम 9300 रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी की गयी है. औसतन एमजीबी 8810 रुपये प्रतिमाह किया गया है. एनएस ग्रेड का एमजीबी 1 जनवरी 2025 से एक भाग में लागू होगा और दूसरा भाग में 1 अप्रैल 2026 से लागू होगा. इस आधार पर कर्मचारियों को नवंबर 2026 में एरियर की राशि मिलेगी. लेकिन वैसे कर्मचारी, जो कंपनी से रिटायर हो गये या इएसएस ले चुके हैं या किसी स्थिति में कंपनी से अलग हो गये हैं, उनको 50 फीसदी एरियर ही मिलेगा. एनएस ग्रेड कर्मियों के वेरिएबल डीए को 3 रुपये प्रति प्वाइंट तय किया गया है. फिक्स डीए में भी बढ़ोतरी की गयी है. न्यूनतम 500 रुपये को बढ़ाकर 1000 रुपये और अधिकतम 800 रुपये को बढ़ाकर 1300 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है. नये ज्वाॅइन करने वाले कर्मचारी को 1 जनवरी 2025 से 500 रुपये प्रतिमाह ही एफडीए मिलेगा. एनएस ग्रेड के एलाउंस में 3225 रुपये प्रतिमाह बढ़ोतरी की गयी है. इन्हें मिलाने के बाद एनएस ग्रेड के कर्मचारियों की सैलरी में न्यूनतम 16,111 और अधिकतम 18,747 रुपये की बढ़ोतरी हुई है. वर्तमान में एनएस ग्रेड का न्यूनतम वेतन 32885 रुपये है, जो अब बढ़कर 34595 रुपये होगा. अधिकतम वेतनमान बढ़कर 44,495 रुपये हो गया है, पहले 37,695 रुपये था. (नीचे भी पढ़ें)

अगस्त के वेतन के साथ बढ़ा हुआ वेतन पेमेंट के साथ आयेगा, एरियर की राशि में होगा नुकसान
टाटा स्टील के कर्मचारियों को अगस्त माह के वेतन के साथ बढ़ी राशि मिलेगी. समझौता के तहत वर्तमान में कार्यरत कर्मचारियों को शत-प्रतिशत एरियर नवंबर में मिलेगा. वहीं, समझौता के मुताबिक 1 जनवरी 2025 से 1 अप्रैल 2026 के बीच सेवानिवृत्त या किसी भी कारण से कंपनी से अलग हो चुके कर्मचारियों को 50 फीसदी ही एरियर राशि मिलेगी. अगर कोई कर्मचारी 1 अप्रैल 2026 के बाद जो रिटायर हुआ है, तो उन्हें पूरा एरियर मिलेगा. एरियर की राशि में नुकसान होगा. ओल्ड सीरीज (ओएस) ग्रेड के कर्मचारियों का वेतन समझौता के तहत एमजीबी 10 फीसदी (5 व 5 फीसदी) मिलेगा. 1 जनवरी 2025 से 31 मार्च 2026 तक 5 फीसदी और फिर 1 अप्रैल 2026 से अतिरिक्त 5 फीसदी एमजीबी मिलेगा. औसतन एमजीबी 12,535 रुपये प्रतिमाह कर्मचारियों का बढ़ेगा. पहले की तरह ही कर्मचारियों का 20 साल का स्पैन रहेगा. 3 फीसदी का इंक्रीमेंट सैलेरी में प्रति वर्ष होता रहेगा. इसके तहत ओएस-1 ग्रेड को अभी 1621 रुपये प्रतिमाह बढ़ोतरी होती थी, अब 2582 रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी हर साल होगी. अधिकतम ग्रेड ओएस-12 का वर्तमान में सालाना बढ़ोतरी 2572 रुपये प्रतिमाह था, जो बढ़कर 4097 रुपये हो गया है. डीए को शत-प्रतिशत समायोजित कर दिया गया है. वहीं, ओल्ड सीरीज के कर्मचारियों का व्हीकल मेंटनेंस एलाउंस पहले 75 रुपये था, अब 80 रुपये प्रतिमाह हो गया, यूटिलिटी एलाउंस 550 रुपये था, जो बढ़कर 800 रुपये प्रतिमाह हो गया, नाइट शिफ्ट एलाउंस 160 रुपये था, बढ़कर 225 रुपये प्रतिमाह हो गया, एजुकेशन एलाउंस – 600 रुपये से बढ़कर 1000 रुपये प्रतिमाह हो गया. मोबाइल व इटरनेट एलाउंस 300 रुपये से बढ़ाकर 400 रुपये किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

वहीं, कर्मचारियों को एक्टिंग एलाउंस, सिक्यूरिटी व फायर ब्रिगेड एलाउंस मिलेगा, नर्सिंग स्टाफ को लांड्री एलाउंस मिलेगा, एसएनटीआइ के सीनियर इंस्ट्रक्चर व इंस्ट्रक्टर को स्पेशल एलाउंस मिलेगा, कंवियेंस एलाउंस अतिरिक्त लोकल कोर्ट या सरकारी ऑफिस जाने पर मिलेगा, इंटीलिजेंस स्टाफ को भी अतिरिक्त चार्ज कंवियांस मिलेगा, एविएशन एलाउंस और एग्जीक्यूटिव प्रोटेक्शन एलाउंस मिलेगा. ओल्ड सीरीज का हायर टेक्निकल क्वालिफिकेशन बेनीफिट भी मिलेगा, जिसके तहत न्यूनतम ओएस-1 का 575 रुपये प्रतिमाह था, जो बढ़कर 845 रुपये प्रतिमाह हो गया. वहीं, अधिकतम ओएस 12 ग्रेड का न्यूनतम 875 रुपये प्रतिमाह था, जो बढ़कर 1150 रुपये प्रतिमाह हुआ है. टीम परफार्मेंस अवार्ड को 600 रुपये किया गया है, इसमें सेफ्टी पर 250 रुपये, परफार्मेंस पर 250 रुपये और 100 रुपये है. अभी अलग-अलग ग्रेड का 1000 रुपये, 1250 रुपये और 1500 रुपये था, जिसमें 600 रुपये बढ़ा है. हाउस रेंट एलाउंस में 1 जून 2026 के बेसिक की 10 फीसदी बढ़ोतरी की गयी है. इस तरह ओल्ड सीरीज के कर्मचारियों का कुल बढ़ोत्तरी पहले ब्लॉक में 18116 रुपये, दूसरे ब्लॉक में 23261 रुपये, तीसरे ब्लॉक में 28414 रुपये और चौथे ब्लॉक में 30793 रुपये की बढ़ोत्तरी हुई है. (नीचे भी पढ़ें)

एनएस ग्रेड के कर्मचारियों को भी होगा जबरदस्त लाभ :
टाटा स्टील के एनएस ग्रेड के कर्मचारियों का औसतन एमजीबी 8810 रुपये किया गया है. इसके तहत 5500 रुपये प्रतिमाह और अधिकतम 9300 रुपये प्रतिमाह तय किया गया है. यह भी दो स्लॉट में मिलेगा. एनएस-1 ग्रेड यानी मैट्रिक इंग्लिश के पास कर्मचारी का इंक्रीमेंट 505 रुपये है, जो बढ़कर 845 रुपये होगा. ए़एस-4 यानी एआइटीटी व ट्रेड अप्रेंटिस का 575 रुपये प्रतिमाह से बढ़कर 915 रुपये हो गया है. एनएस-7 डिप्लोमा होल्डर जेट का 710 रुपये इंक्रीमेंट को बढ़ाकर 1050 रुपये कर दिया गया है, जबकि एनएस-12 का इंक्रीमेंट 810 रुपये प्रतिमाह से बढ़ाकर 1150 रुपये किया गया है. एनएस ग्रेड का 3 रुपये प्रति प्वाइंट वीडीए होगा. एआइसीपीआइ के मुताबिक ही बढ़ोतरी होगी. डीए को जीरो किया जायेगा. फिक्स डियरनेल एलाउंस (एफडीए) को 500 रुपये से बढ़ाकर 1000 रुपये कर दिया गया है. जबकि 800 रुपये को बढ़ाकर 1300 रुपये किया गया है. नये बहाल को 500 रुपये प्रतिमाह एफडीए मिलेगा. एलाउंस में 3225 रुपये प्रतिमाह की बढ़ोत्तरी हुई है. व्हीकल एलाउंस 75 रुपये से 80 रुपये प्रतिमाह किया गया, यूटिलिटी एलाउंस- 550 रुपये से बढ़ाकर 80 रुपये प्रतिमाह, नाइट शिफ्ट एलाउंस- 160 रुपये से बढ़ाकर 225 रुपये, एजुकेश़ एलाउंस- 600 रुपये से बढ़ाकर 1000 रुपये, मोबाइल व इंटरनेट एलाउंस 300 रुपये से बढ़ाकर 400 रुपये, पर्सनल एलाउंस 500 रुपये से बढ़ाकर 720 रुपये किया गया, हाउस रेंट एलाउंस 1 जून 2026 से सैलरी की बेसिक का 10 फीसदी किया गया. इसके अलावा हायर टेक्निकल क्वालिफिकेशन की राशि बढ़ा गयी है और स्टैगनेशन बेनीफिट मिलेगा. एनएस-1 ग्रेड को अभी 460 रुपये प्रतिमाह मिलता है, जो बढ़कर 845 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है. वहीं, न्यू सीरीज के उच्चतम ग्रेड एनएस-12 का 785 रुपये प्रति माह से बढ़ाकर 1150 रुपये कर दिया गया है. इस बार एनएस ग्रेड को स्टैगनेशन बेनीफिट मिलेगा. एनएस-6 ग्रेड के कर्मियों को 4 साल तक एक ही जगह रहने के कारण 600 रुपये मिलेगा. एनएस ग्रेड का ब्लॉक 1 का 16111 रुपये प्रतिमाह, ब्लॉक 2 का 17518 रुपये प्रतिमाह, ब्लॉक 3 का 17944 रुपये प्रतिमाह और ब्लॉक 4 का 18747 रुपये प्रतिमाह बढ़ोत्तरी हुई है.







